

जमशेदपुर। मोहन कर्मकार ने चुनावी अभियान तेज कर दिया है। झामुमो टिकट पर जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ रहे मोहन उन मोर्चो पर 'तीर-धनुष' का सिक्का जमाने की कोशिश कर रहे हैं जहां फिलहाल पार्टी की नींव कमजोर है। चुनावी समीकरण को अपने पक्ष में करने में जुटे मोहन कर्मकार ने क्षेत्र के पढ़े-लिखों से तो समर्थन मांगा ही, युवाओं का साथ और बुजुर्गो का आशीर्वाद भी मांगा।
खास बात यह कि पार्टी के कोल्हान प्रभारी चंपाई सोरेन खुद इस क्षेत्र की मानिटरिंग कर रहे हैं, और समूचा झारखंड युवा मोर्चा पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में कैंपेनिंग कर रहा है। चंपाई के निर्दश पर झायुमो के जिला अध्यक्ष महावीर मुर्मू क्षेत्र में पार्टी को सांगठनिक मजबूती देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे तो, चंपाई खुद क्षेत्र के पंचायत स्तर तक के पदाधिकारियों से संपर्क साध रहे हैं। पार्टी मान कर चल रही है कि कांग्रेस में हो रही उठापटक का लाभ तो मानगो क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी को मिलेगा ही, प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी की शून्य उपलब्धि का भी सीधा फायदा पहुंचेगा। यही कारण है कि झामुमो के पाकेट वोटबैंक को ध्यान में रखते हुए झामुमो ने एक-एक समुदाय को अपनी झोली में डालने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। शुक्रवार को मोहन कर्मकार के चुनावी अभियान में समाज विशेष के समर्थन का श्रीगणेश भी हो गया। मानगो गुरुद्वारा रोड में बैठक कर वणिक समाज के लोगों को ध्वनि मत से मोहन को समर्थन देने की बात कही। इससे पूर्व मोहन ने क्षेत्र के शिक्षित नागरिकों से समर्थन मांगा। बाकायदा जमशेदपुर बार काउंसिल में पहुंच कर मोहन कर्मकार ने अधिवक्ताओं से मुलाकात की, और क्षेत्र के आधारभूत विकास के लिए झामुमो को नेतृत्व प्रदान करने की अपील की। यहां अधिवक्ताओं ने मोहन को पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। घंटों अधिंक्ताओं से गुफ्तगू करने के बाद मोहन कर्मकार को युवाओं ने भी विश्वास दिलाया। सोनारी के बुधराम बस्ती व सोनारी में सीपी क्लब के सदस्यों ने मोहन कर्मकार को जिताने का संकल्प लिया।