

गुमला। विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को सेक्टर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया गया। चुनाव के दौरान ईवीएम की खराबी को ठीक करने तथा चुनाव ईवीएम मशीन के कारण प्रभावित न हो इसलिए तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी अधिकारियों को दी गयी।
प्रखंड विकास पदाधिकारी हैदर अली ने उपस्थित सभी सेक्टर दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को ईवीएम से चुनाव संबंधी होने वाले कार्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभ मतदान केन्द्रों पर चुनाव शुरू होने से पूर्व एक-एक सौ मदतान सभी पार्टी के उपस्थित पोलिंग एजेंटों के समक्ष कराकर तथा पुन: शुन्य करने मतदान शुरू कराना है। पुलिस पदाधिकारियों को भी विशेष तौर पर ईवीएम का प्रशिक्षण दिया गया ताकि समय पर उनसे भी ईवीएम की खराबी दूर करने तथा अन्य समस्याओं के समाधान में सहयोग लिया जा सके। चुनाव कार्य में सेक्टर दंडाधिकारियों की भुमिका महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रशिक्षण के माध्यम ये उनके ऊपर भी जवाबदेही का एहसास कराया गया। सेक्टर दंडाधिकारियों को ईवीएम के उपयोग में आने वाली बाधा को दूर करने संबंधी छोटी-मोटी जानकारी से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी नयन तारा केरकेट्टा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मधुसूदन, प्रखंड विकास पदाधिकारी हैदर अली, निर्वाचन विभाग के सहायक मधुसूदन के अलावे सभी सेक्टर दंडाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी व अवर निरीक्षक उपस्थित थे।