
खंडवा। केंद्र सरकार द्वारा जो रुपया योजनाओं के लिए प्रदेश में भेजा रहा है उसे मुख्यमंत्री अपने नाम से जारी कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। महिला, बाल एवं मजदूरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई राशि को प्रदेश की योजनाएं बता रहे हैं। यह केंद्र के साथ ही नहीं प्रदेश की जनता के साथ भी सीधा विश्वासघात है। यह बात शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित धरने में जिलाध्यक्ष अजय ओझा ने कही। केंद्र की योजनाओं को प्रदेश सरकार द्वारा अपनी बताई जाने के विरोध में आयोजित धरने का संबोधित करते श्री ओझा ने कहा संस्कारों की बात करने वाली भाजपा के नुमाईंदों का संस्कारों से कोई लेना देना नहीं है। केंद्र की कई योजनाओं में प्रदेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय नाम ही हटा दिया गया यह सरासर धोखा है। प्रदेश में चल रही मुख्यमंत्री लाडली बेटी, मुख्यमंत्री कन्यादान एवं जननी योजना को अपने नाम कर संचालित की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रमोद जैन ने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हैं बिजली, पानी और सड़क को मुद्दा बनाकर दिग्विजय सरकार को हटाने वाली भाजपा के राज में पानी और बिजली को लेकर त्राहि त्राहि मची हुई है। मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों पर प्रकरण दर्ज हो गए लेकिन वे आज भी डटे हुए हैं। चुनाव के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में आयोजित आमसभाओं में जनता को आश्वासन दिया था कि आप भाजपा को जिताओ में गुजरात से यहां बिजली दूंगा। इसके विपरित प्रदेश सरकार यहां की जनता के हिस्से की बिजली भी अन्य प्रदेशों को बेच रही है। उन्होंने कहा दिग्विजयसिंह सरकार जब पद से हटी थी तब प्रदेश पर 52 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था प्रदेश को लाभ में चलने का भ्रम दिखाने वाली भाजपा सरकार ने मात्र चार साल में इस प्रदेश का कर्ज 72 हजार करोड़ कर दिया। प्रदेश में विकास कार्याें के लिए केंद्र सरकार से मिले सात हजार करोड़ में से पांच हजार करोड़ ही इस्तेमाल हुए शेष राशि उपयोग के अभाव में लेप्स हो गई। इसके विपतरित प्रदेश सरकार केंद्र पर भेदभाव का आरोप लगा रही है। प्रदेश के गृह मंत्री ने खुद स्वीकार किया कि अपराध बड़े हैं भाजपा शासन से लोग त्रस्त हैं और कांग्रेस राज का इंतजार कर रही हैं।