
खंडवा। इंदौर-इच्छापुर राजमार्ग पर भीषण दुर्घटना में पिता-पुत्र सहित चार लोगों की मौत हो गई। हैदराबाद जा रहा लहसुन से भरा ट्रक जीप पर पलट गया जिससे जीप का कचूमर निकल गया और उसमें सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बुरी तरह दबी जीप में कुचले शव पांच घंटे की मेहनत के बाद क्रेन की मदद से निकाले जा सके। इस बीच काफी समय तक हाइवे पर जाम की स्थिति बनी रही। घटना पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सोनगीर की है। इंदौर से हैदराबाद जा रहा ट्रक क्रमांक आरजे 10 जीए 1087 डुल्हार से छैगांवमाखन जा रही जीप टाटा मैजिक एमपी 09 एलएन 3207 पर पलट गया। दुर्घटना में इंदौर निवासी चालक कैलाश पिता निहार सिंह एवं 14 वर्षीय पुत्र संदीप के साथ ही छैगांवमाखन निवासी केसरेसिंह गंगाराम राजपूत (50) एवं भैयालाल पिता नत्थू (40) की दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जीप ट्रक के नीचे इतनी बुरी दबी थी कि शव निकालने में पांच घंटे लग गए। दोपहर करीब 12.30 बजे हुई दुर्घटना के बाद पंधाना पुलिस ने जेसीबी मशीन की व्यवस्था की जिससे तीन शव तो निकाल लिए गए लेकिन एक शव को नहीं निकाला जा सका। इसी बीच घटनास्थल पहुंचे एसपी केडी पाराशर ने बुरहानपुर से क्रेन मंगाकर अंतिम शव को भी जीप से बाहर निकाला। पंधाना थाना प्रभारी श्री सेंगर के मुताबिक इस दौरान कुछ देर यातायात बाधित रहा बाद में मार्ग को वनवे कर चालू कर दिया।