
खंडवा। यूनाइटेड स्टेटस एजेंसी फार इंटरनेशनल डेवलपमेंट से संबद्ध एफआईआरईडी प्रोजेक्ट में रतलाम एवं उज्जैन के साथ खंडवा को शामिल किया गया है। इससे खंडवा नगर निगम की महत्वाकांक्षी नर्मदा जल प्रदाय योजना के लिए नि:शुल्क तकनीकी एवं आर्थिक सहायता मिलना आसान हो गई। निगमायुक्त सोमनाथ झारिया ने बताया फायर डी प्रोजेक्ट के कन्वीनेटर लीई बेकर, डायरेक्टर अभिजीत भौमिक और सहायक डायरेक्टर एसके टसगांवकर ने मंगलवार को खंडवा नगर निगम पहुंचकर नर्मदा जल प्रदाय योजना के संबंध में चर्चा की। निगम को नि:शुल्क रूप से योजना के आरंभ से योजना के क्रियान्वयन तक यह संस्था अपनी तकनीकी सहायता देगी तथा आर्थिक सहयोग भी प्रदान करेगी। दल के सदस्यों ने निगम सभागृह में महापौर वीरसिंह हिंडोन, अध्यक्ष अनिता गुप्ता, एमआईसी सदस्यों एवं अधिकारियों से चर्चा कर योजना के बारे मार्गदर्शन किया।