
खंडवा। हरसूद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झिरपा दौरे के समय वन एवं अजाक मंत्री विजय शाह ने नंगे पैर आदिवासियों को देखा और जल्द ही आने वाले वर्षा ऋतु के मद्देनजर इससे बचाव की व्यवस्था का मन बनाया। भोपाल में तैयार योजना के तहत प्रदेश के 64 लाख गरीब आदिवासियों को चप्पल, छाता, केरोसिन के लिए पांच लीटर की कैन सहित घरों पर डालने के लिए बरसाती प्रदान की जाएगी। योजना का खंडवा जिले के ग्राम झिरपा से मंगलवार को शुभारंभ किया गया। जिला मुख्यालय से लगभग 140 किमी दूर स्थित ग्राम झिरपा में हेलिकाप्टर से पहुंचे श्री शाह ने इस योजना की प्रेरणा बनने वाले इसी ग्राम से योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा सरकार ने आदिवासियों के दर्द को समझा है और 1 जुलाई से प्रदेश के 15 लाख परिवारों को नि:शुल्क चरण पादुकाओं का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही धूप व बरसात से बचने के लिए 15 लाख परिवारों को नि:शुल्क छतरी का वितरण होगा। केरोसिन और अन्य वस्तुएं रखने के लिए आदिवासियों को पांच लीटर की कुप्पी भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा सरकार पहले ही गरीब आदिवासियों के लिए कई योजनाएं चला रही है इसी के तहत उन्हें तीन रुपए किलो गेहूं और 4.50 रुपए किलो चावल का वितरण किया जा रहा है। भाजपा की सरकार ने आदिवासियों के विकास और उत्थान के लिए कई योजनाएं अमल में लाई हैं। जिन गांवों में कभी बिजली नहीं देखी गई थी वे आज रोशन हो चुके हैं। यह काम भाजपा की दृढ़ संकल्पित सरकार के प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने बताया प्रत्येक वनग्राम में 30-30 लाख रुपये के विकास एवं निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं जो आजादी के बाद किसी सरकार ने नहीं करवाए। उन्होंने बताया इस गांव के 167 परिवारों को एक से दूसरे गांव जाने के लिए साइकिलों का वितरण किया जाएगा। श्री शाह के साथ यहां पहुंचे कलेक्टर एसबी सिंह एवं भाजपा जिला अंत्योदय समिति सदस्य सुनील जैन भी मौजूद थे। यहां मंत्री का हेलिकाप्टर उतरते ही आदिवासियों ने लोकनृत्य से उनका स्वागत किया।