
खंडवा। खंडवा के समीपस्थ ग्राम तलवड़िया में रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्य कर रहे मजदूरों पर बिजली गिर पड़ी। हादसे में मजदूरी कर रहे दो लोगों की मौत के साथ एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में आठ लोगों को खंडवा रैफर किया गया है। बुधवार शाम करीब 4 बजे ग्राम पंचायत तलवड़िया में रोजगार गारंटी योजना के तहत सड़क निर्माण कर रहे थे करीब दो सौ मजदूर उस समय एक पेड़ के नीचे इकट्ठा हो गए जब तेज आंधी के साथ पानी गिरने लगा। इसी बीच पेड़ पर बिजली गिर पड़ी और उसकी चपेट में करीब 15 मजदूर आ गए। बिजली गिरने से दीपक पिता गजरु एवं सिद्धार्थ पिता कन्हैया (50) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके अलावा रुकमणीबाई पति आशाराम (45) निवासी बमनगांव, सुमनबाई पति मोगिन (55) निवासी तलवड़िया, छंदोबाई पति ध्याना (55) बमनगांव, कालीबाई पिता अनिरुद्ध (18) बमनगांव, अंजूबाई पति बृजलाल, किरण बाई पति श्रवण, संगीता पति गोपाल, गीता पति पीरु सभी निवासी तलवड़िया बुरी घायल हो गए इन्हें उपचार के लिए खंडवा रैफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों से कलेक्टर एसबी सिंह ने मुलाकात कर अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।