
भोपाल। पुलिस महानिदेशक एसके राउत ने इशारे-इशारे में समझा दिया है कि शाहपुरा थाने में सबकुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि थाने के अधिकारी से लेकर पुलिसकर्मी क्या करते हैं, हमें यह सब पता है। मेरा कहना है कि आप लोग अपना व्यवहार सुधार लें। यदि किसी का गला भी काटते हैं, तो प्यार से काटें।
श्री राउत शाहपुरा थाने के नए भवन का उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने 'सब कुछ पता' होने का खुलासा भोपाल आईजी डा. शैलेंद्र श्रीवास्तव के वक्तव्य के बाद किया। उनके पहले अपने संबोधन में डा. श्रीवास्तव ने कहा कि अपने अफसरों और पुलिसकर्मियों को मैं कई बार बता चुका हूं कि भोपाल की पदस्थापना सोहरत और संबंधों के लिए ठीक है, लेकिन किसी की रुचि अलग है और वे अन्य जरूरतें पूरी करना चाहते हैं, तो इसके लिए ठीक नहीं है। वह अपने काम की गति को तेज करें और ईमानदारी से कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि इलाके में कोई कोई भी घटना होती है, तो सबसे पहला फोन मुख्यमंत्री और डीजीपी के पास पहुंचता है। श्री राउत ने अपने संबोधन में कहा कि 'हमारे पास सबसे ज्यादा फोन शाहपुरा इलाके से आते हैं। हमें यहां की सारी जानकारी रहती है। किसी की कोई बात हमसे छुपी नहीं है। कौन पुलिसकर्मी कहां जा रहा है, वह किससे मिलता है, किस एसआई ने किसकी गाड़ी रोकी है? यह सारी जानकारी हमें रहती है। इसकी वजह यह है कि ज्यादातर रिटायर्ड अधिकारी यहीं रहते हैं। इसलिए आप लोगों को मैं यह चेतावनी दे रहा हूं कि अपना व्यवहार सुधार लें और अच्छा काम करें। यदि किसी का गला भी काटते हैं, तो प्यार से काटना सीखिए।' इसके पहले गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और डीजीपी ने पूजा कर मंत्रोच्चार के साथ नए थाना भवन का शुभारंभ किया। इस मौके पर कमिश्नर पुखराज मारू, कलेक्टर मनीष रस्तोगी, कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक संजर, डीआईजी अशोक अवस्थी व एसपी भोपाल जयदीप प्रसाद मौजूद थे।
ए-ग्रेड का थाना होगा शाहपुरा : शाहपुरा के नए भवन के उद्घाटन अवसर पर गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने उसे बी-ग्रेड से ए-ग्रेड का थाना बनाने की घोषणा की। यह घोषणा उन्होंने एसपी जयदीप प्रसाद की मांग की पर की। अपने स्वागत भाषण में श्री प्रसाद ने कहा कि थाने में अपराध बढ़ा है, सीमा भी ज्यादा है।
इसलिए इसे ए-ग्रेड का दर्जा दिया जाना चाहिए। एसपी ने बताया कि थाना परिसर में एक दर्जन सिपाहियों के रहने के लिए क्वार्टर का निर्माण भी किया गया है। इस थाना भवन का निर्माण पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया गया है।