
भोपाल। प्रतीक्षा सूची के आरक्षण टिकट की जानकारी लेने के लिए रेलवे ने एसएमएस योजना लागू की है। निर्धारित नम्बर पर पीएनआर नम्बर एसएमएस कर अपने टिकट के बारे में ताजा जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस योजना के लागू होने से यात्रियों को प्लेटफार्म पर आरक्षण चार्ट देखने के लिए कतार लगाने से निजात मिल जाएगी। हालांकि आरक्षण की स्थिति आईआरसीटीसी की पूछताछ सेवा प्रणाली 139 से भी दी जा रही है, लेकिन इसके व्यस्त होने पर एसएमएस का विकल्प चुना जा सकता है। जिसमें नियमित अलर्ट की भी सुविधा दी गई है।
भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम यानी आईआरसीटीसी यह योजना पूरे भारतीय रेल में पांच माह बाद लागू होने की उम्मीद है। एसएमएस पर अलर्ट पाने के लिए यात्रियों को टिकट की पीएनआर संख्या एसएमएस करनी होगी और इसके बदले में निगम टिकट के बारे में तीन एसएमएस भेजेगा। एक अधिकारी ने बताया कि यात्री द्वारा जब एसएमएस भेजा जाएगा तो सबसे पहले उसके टिकट की स्थिति की ताजा जानकारी का एसएमएस मिलेगा। इसके बाद आरएसी में जगह मिलने पर अलर्ट भेजा जाएगा और अंत में टिकट की अंतिम स्थिति की पुष्टि तथा ट्रेन के समय के बारे में एक बार संदेश दिया जाएगा।
इसके लिए यात्रियों को 56300 पर टिकट का पीएनआर नंबर अथवा गाड़ी संख्या भेजनी होगी। आईआरसीटीसी के रीजनल मैनेजर वीरेन्द्र सिंह ने इस योजना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ट्रायल के रूप में एसएमएस के माध्यम से टिकट की जानकारी देना शुरू हो चुकी है। इस योजना का विस्तार किया जा रहा है। इसके सफल प्रयोग के बाद आने वाले समय में पूरे भारतीय रेल में यह सुविधा प्रदान कर दी जाएगी।