
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी भोपाल की मध्य सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस इस सीट को अपने लिए सबसे महफूज मान रही है और अल्पसंख्यक भी पीसीसी चीफ के लिए यह सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं। इस सीट से दावा कर रहे अल्पसंख्यक नेताओं ने साफ कहा कि यदि वे यहां से चुनाव लड़ते हैं तो हम पूरे समर्थन के साथ सीट बहुसंख्यकों को देने के लिए राजी हैं।
सूत्रों के मुताबिक जब से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी के चुनाव लड़ने का मामला उठा है उनके समर्थक सुरक्षित सीट तलाशने में जुट गए हैं। जिससे ऐन वक्त पर हाईकमान चुनाव लड़ने का निर्देश दे तो श्री पचौरी को सबसे सुरक्षित सीट से मैदान में उतारा जाए। इसके लिए कांग्रेस भोपाल की मध्य सीट को अपने लिए सभी सीटों में महफूज मानकर चल रही है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस के लिए मध्य सीट उत्तर से भी ज्यादा सुरक्षित है। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार का जीतना तय माना जा रहा है। इस सीट पर अल्पसंख्यक दावा कर रहे हैं और कांग्रेस ने उनके लिए आरक्षित भी कर दी है। भोपाल के अल्पसंख्यकों ने मध्य, उत्तर और नरेला पर दावा किया था लेकिन महापौर सुनील सूद के लिए वे नरेला छोड़ने को तैयार हो गए थे। नरेला पर 80 हजार मुस्लिम मतदाता बताए जाते हैं। श्री पचौरी मध्य से चुनाव लड़ते हैं तो अल्पसंख्यक उनके लिए यह सीट छोड़ने को तैयार हैं। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस विधायक आरिफ अकील भी मध्य सीट से किसी बहुसंख्यक को चुनाव मैदान में उतारने के पक्ष में हैं। वे इस सीट से किसी मुस्लिम नेता को टिकट दिए जाने का चुनाव समिति की बैठक में भी विरोध कर चुके हैं। सूत्रों की माने तो भाजपा भी श्री पचौरी के इस सीट से लड़ने की संभावना को देखते हुए अपनी रणनीति बना रही है।
'पचौरी जी मध्य से लड़ने की इच्छा जताते हैं तो हम यह सीट छोड़ने के लिए तैयार हैं यहां तक की मैं अपना दावा भी वापस ले लूंगा।'
आरिफ मसूद, पूर्व प्रवक्ता एवं दावेदार