
भोपाल। भारतीय जनशक्ति की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती ने बुरहानपुर के दंगे को प्रायोजित बताते हुए कहा है कि भाजपा और कांग्रेस मिलीभगत कर चुनावी लाभ के लिए प्रदेश में दंगे की सियासत कर सकते हैं। चार साल तक मेरी(उमा) नकल कर रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब चुनाव के मौके पर दंगे करा कर मोदी बनना चाहते हैं।
भाजपा के निलंबित विधायक रसाल सिंह के बंगले पर बने भाजश प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उमा भारती ने बुरहानपुर में भाजश प्रदेशाध्यक्ष अशोक त्रिपाठी की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए कहा कि वहां के दंगे भाजपा सांसद और राकांपा विधायक की मिलीभगत का परिणाम हैं। सांसद के पुत्र पर महाराष्ट्र में हत्या का मामला चल रहा है और वहां राकांपा गठबंधन सरकार है। विधायक की मदद के चलते ही सांसद पुत्र के मामले में महाराष्ट्र की डिस्ट्रिक्ट क्राइम ब्रांच जांच रिपोर्ट पेश नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों चुनाव के मौके पर प्रदेश को साम्प्रदायिक आग में झोंकने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसा नहीं होता तो उड़ीसा के मामले में राज्य सरकार बर्खास्त करने की धमकी देने वाली केंद्र सरकार बुरहानपुर मामले में कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रही है। उड़ीसा मामले में बजरंग दल का नाम आने पर उनका कहना था कि हो सकता है बजरंग दल में अब भाजपा के कुछ अवांछित तत्वों का प्रवेश हो गया हो। भारती ने कहा कि वे खुद बुरहानपुर जाना चाहती थीं, लेकिन प्रशासन ने अनुमति नहीं दी इसलिए घटनाक्रम की जांच के लिए त्रिपाठी को वहां भेजा था। उन्होंने अल्टीमेटम दिया कि तीन दिन के अंदर वहां शांति बहाल नहीं की गई तो 16 अक्टूबर को बुरहानपुर जाकर वे आमरण अनशन शुरू करेंगी।
भाजपा का सूपड़ा साफ कर दूंगी:
सुश्री भारती ने अपनी चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजश का मुकाबला कांग्रेस से होगा। इस चुनाव में वे भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगी और कांग्रेस को भी सत्ता से दूर रखने में कामयाब रहेंगी। अन्य दलों से तालमेल के सवाल पर उनका जवाब था, रामविलास पासवान, मुलायम सिंह और अमर सिंह से उनके अच्छे संबंध हैं, लेकिन ये राजनैतिक संबंध नहीं है। मायावती से कई सालों से बात नहीं होने की जानकारी देते हुए उमा भारती बोलीं, उन्हें आडवाणी, राजनाथ सिंह और मायावती में से किसी को प्रधानमंत्री चुनना पड़े तो वे मायावती का चुनाव करेंगी, वे दलित की बेटी हैं। महात्मा गांधी भी चाहते थे कि कोई दलित देश का प्रधानमंत्री बने। बसपा से तालमेल से खुले तौर पर इंकार करते हुए उनका तर्क था कि भाजश और बसपा में कुछ समानताएं हैं। बसपा का जन्म आर्थिक तौर पर पिछड़े दलितों की समस्याएं दूर करने के लिए हुआ था और सामाजिक समस्याएं उठाने वाली भाजश को पिछड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त है। कुछ समय बाद ये दोनों दल मुकाबले में होंगे। प्रहलाद पटेल से समझौते के सवाल पर उनका कहना था कि जंक्शन पर कई पटरियां होती हैं लेकिन स्टेशन छोड़ते ही पटरी एक हो जाती है।
माखन सिंह की गाड़ी से घायल
को अस्पताल में भर्ती कराया
उमा भारती ने रविवार को भाजपा संगठन महामंत्री माखन सिंह की गाड़ी से घायल दलित युवक विद्या प्रसाद को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। वे जब उसे देखने घर गई थी तो वह बेहोश मिला। सीटी स्केन में उसके सिर में खून का थक्का जमा मिला है। भारती ने कहा कि एक दलित को कुचलने के बाद मौके से भाग जाना, इलाज मुहैया न कराना और देखने तक नहीं जाना संघ की मर्यादा नहीं हो सकते। जबकि इस मामले में एफआईआर भी एक भाजपा कार्यकर्ता ने दर्ज कराई है। उन्होंने नर्मदा समग्र के जमीन मामले में कहा कि अनिल दवे को भूमि चाहिए थी तो दक्षिणा देकर लेते। सरकारी मदद नहीं लेनी चाहिए थी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में लापता हेलीकाप्टर पायलट कैप्टन वीपी सिंह के परिवार से भी आज मुलाकात की और उनकी तलाश के लिए विदेशी विशेषज्ञों की मदद लेने की जरूरत बताई।