
इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई हवाई अड्डे को कल 20 अक्तूबर को पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित करने का गौरव मिलेगा, जब एयर इंडिया के विशेष विमान से हज यात्रियों का पहला जत्था मदीना के लिए रवाना होगा।
एयर इंडिया के स्टेशन प्रबंधक डीवी गाडगिल ने बताया कि राष्ट्रीय नागर विमानन सेवा का विमान एयर बस-310 स्थानीय हवाई अड्डे से 200 हज यात्रियों को लेकर कल सुबह छह बजे मदीना के लिए उड़ान भरेगा। यह उड़ान कोई साढ़े पांच घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंचेगी।
इस बीच, शहर के देवी अहिल्याबाई हवाई अड्डे के निदेशक विवेक उपाध्याय ने पुष्टि की कि यह पहली बार होगा, जब यह हवाई अड्डा कोई सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित करेगा।
अंतरराष्ट्रीय दर्जे की ओर निगाहें टिकाए हवाई अड्डे से पखवाड़े भर में हज यात्रियों के कम से कम 15 जत्थे मदीना के लिए रवाना होने हैं। हर जत्थे में 200 हज यात्रियों को शामिल करने का इंतजाम किया गया है।