
भोपाल। सिविल सेवा मुख्य परीक्षा शुक्रवार से देश के विभिन्न सेंटर्स पर शुरू होने जा रही है। मध्यप्रदेश में सिविल सेवा मुख्य परीक्षा का एकमात्र केंद्र राजधानी भोपाल में एमएलबी कालेज है। यह केंद्र 400 परीक्षार्थियों को आवंटित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी सामान्य अध्ययन के पहले पेपर के साथ ही देश की श्रेष्ठ सेवा में चयनित होने के लिए संघर्ष करते नजर आएंगे। सामान्य अध्ययन का पहला पेपर देने के बाद परीक्षार्थी अपनी मेहनत की सफलता का आंकलन करना शुरू कर देंगे।
23 अक्टूबर से शुरू होने वाली परीक्षा के पहले दिन जनरल स्टडीज के दो पेपर सुबह 9 से 12 एवं शाम 2 से 5 बजे के सत्रों में आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगी 24 अक्टूबर को इंग्लिश व निबंध एवं 25 अक्टूबर को 19 भारतीय भाषाओं में से किसी एक चुनी हुई भाषा की परीक्षा देंगे। यह प्रश्नपत्र सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य रहेंगे। वहीं 27 अक्टूबर से 17 नवंबर के मध्य परीक्षार्थी चुने हुए दो ऐच्छिक विषयों के चार प्रश्नपत्रों में शामिल होंगे।
कमिश्नर ने किया केंद्र का निरीक्षण
कमिश्नर पुखराज मारू ने गुरूवार को एमएलबी परीक्षा केंद्र का जायजा लिया। कमिश्नर के साथ यूपीएससी ऑब्जर्वर ने भी केंद्र का निरीक्षण किया। परीक्षा प्रभारी उपायुक्त-विकास एएम खान ने बताया कि यह केंद्र 400 परीक्षार्थियों के लिए आवंटित किया गया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में प्रश्नपत्रों को केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। केंद्र पर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। वहीं विद्युत विभाग प्रश्नपत्र के समय वहां बिजली आपूर्ति को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेगा।