
झारसुगुड़ा। शुक्रवार को हुई दुर्घटनाओं में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं दूसरी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को बुर्ला स्थित अस्पताल स्थानांतरित किया गया है। नगर के डीएम कार्यालय एवं ओएमपी चौक के बीच अज्ञात वाहन की ठोकर से साइकिल सवार 45 वर्षीय हवलदार जनकराम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हे पहले झारसुगुड़ा अस्पताल तथा बाद में बुर्ला मेडिकल कालेज भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गयी। इसी तरह अन्य एक घटना में शुक्रवार के अपराह्न तीन बजे बड़माल से ब्रजराजनगर की ओर जा रहा बालू लदा हाइवा राजमार्ग संख्या 10 पर पावर हाउस चौक के निकट अनियंत्रित होकर पलट गया। इस क्रम में सामने से साइकिल पर आ रहा रेनडा निवासी व एसपीएस संयंत्र का 25 वर्षीय कर्मचारी पंकज को हाइवा से ठोकर लग जाने से उसका पांव टूट गया। पंकज को पहले झारसुगुड़ा अस्पताल तथा बाद में बुर्ला अस्पताल स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने हाइवा को जब्त करने के साथ ही चालक व खलासी को हिरासत में लेकर जांच कार्य शुरू कर दिया है।