
राजगांगपुर। सिमेंट नगरी राजगांगपुर में दुर्गोत्सव की धूम मची है। जिसमें महासप्तमी पूजा में शहर के पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने देर रात तक विभिन्न पंडालों में जाकर महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा के दर्शन किये तथा अपनी मन्नत पूरी होने की मनोकामना की। पूजा पंडालों के साथ साथ शहर के मंदिरों में चल रही शारदीय नवरात्र की पूजा में भारी संख्या में भक्तों की टोली उमड़ रही है।
शहर में कम्युनिटी सेंटर, लिपलोई, ओसीएल ओडिटोरियम, भाटापाड़ा, टाउन डेली मार्केट, राठौर कालोनी, सुभाष चौक, गोपीनाथ मंदिर गली आदि स्थानों पर दुर्गापूजा के अवसर पर आकर्षक पंडालों का निर्माण किया गया है। इन पंडालों में शक्ति की देवी माता दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गयी है। शुक्रवार को महासप्तमी पर इन पंडालों में माता का दर्शन करने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता उमड़ा। इसके समेत प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की राजगांगपुर शाखा की ओर दुर्गाेत्सव पर स्थापित मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती तथा माता ज्ञान गंगा की चैतन्य झांकियां श्रद्धालुओें में आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं शारदीय नवरात्र पर तालकीपाड़ा स्थित दुर्गामंदिर, स्टेशन पाड़ा की मां तारिणी मंदिर, मनसा देवी का मंदिर, ओसीएल डेली मार्केट स्थित तारिणी मंदिर, टाउन डेली मार्केट स्थित वैष्णो देवी मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, गोपीनाथ मंदिर की सुंदर सजावट की गयी है। वहीं डायमंड क्लब की ओर से 28 सितंबर को दशहरा के अवसर पर फुटबाल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा।