
भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य भर में चलने वाले जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ किया है। भुवनेश्वर के सालिया साही बस्ती से इस जनसंपर्क अभियान का शंखनाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बीजद के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को बीजद की नीति और आदर्श की जानकारी दें और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
हाल ही में बीजद के सांगठनिक चुनाव आयोजित होने वाले है। ऐसे में जनसंपर्क यात्रा के जरिए अधिक सदस्यों को बीजद से जोड़ने पर बल दिया जा रहा है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती से आरंभ हुआ यह जनसंपर्क अभियान 11 अक्टूबर तक चलेगा। रिमझिम बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सालिआ साही और वाजपेयी बस्ती पहुंचे जहां, उन्होंने उपस्थित लोगों को बीजद की विभिन्न नीतियों और आदर्श की जानकारी दी। इस मौके पर दल के वरिष्ठ नेता तथा सांसद प्यारी मोहन महापात्र, भुवनेश्वर मध्य के विधायक विजय महान्ति, उत्तर भुवनेश्वर के विधायक भागीरथी बड़जेना, भुवनेश्वर बीजद के अध्यक्ष बाबू सिंह, छात्र बीजद के राज्य आवाहक रणजीत महापात्र सहित विभिन्न नेताओं ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री लगभग डेढ़ घंटा तक बस्ती के विभिन्न इलाकों में घूम घूमकर लोगों की शिकायतें सुनी। मुख्यमंत्री ने बाद में सालिआ साही मैदान में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकाश हेतु वचनवद्ध है और बीजद के कार्यकाल में प्रदेश ने विभिन्न विषय में प्रगति हासिल की है। मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार पर उड़ीसा के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र के असहयोग के चलते कई योजनाओं पर अमल नहीं किया जा पा रहा है। गौरतलब है कि बीजद के जन-संपर्क अभियान के दौरान पूरे प्रदेश में जनसंपर्क साधा जा रहा है, जिसमें जिला स्तर के नेता सक्रिय भागीदारी कर रहे है। बीजद ने इस अभियान के तहत 25 लाख पुरुष एवं 25 लाख महिला सदस्यों को संगठन के साथ जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है।