
ागरण टीम, पट्टी/फतेहगढ़ साहिब : तेज रफ्तार वाहनों ने शनिवार को चार लोगों की जिंदगी छीन ली। पंट्टी में तेज रफ्तार एक स्कूल वैन के अचानक पलटने से दो विद्यार्थियों की मौत हो गई व अध्यापिका सहित आठ बच्चे घायल हो गए। जबकि फतेहगढ़ साहिब में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर काम कर रहे दो मजदूरों को रौंद दिया। पट्टी के गांव किरतोवाल व गांव सभरा के पास पलटी स्कूली वैन की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलटने के बाद वह पचास मीटर तक घसटती चली गई। वैन में क्षमता से अधिक विद्यार्थी व स्टाफ बैठे हुए थे। श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल मरहाना की घायल अध्यापिका दलजीत कौर ने बताया कि रोजाना की तरह शनिवार को भी स्कूल की वैन छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। लगभग डेढ़ बजे गांव किरतोवाल व गांव सभरा के बीच तेज रफ्तार वैन बेकाबू होकर पलट गई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर वैन को सीधा कर घायल बच्चों व स्कूल के स्टाफ को बाहर निकाला। इस दौरान दो विद्यार्थियों कर्णबीर सिंह (5) पुत्र साहिब सिंह निवासी गांव किरतोवाल व लवप्रीत सिंह पुत्र करतार सिंह निवासी सभरा की मौत हो गई। सुखदीप सिंह, नवदीप सिंह, गुरेंद्र सिंह, हरमन सिंह, करम सिंह, अवनदीप कौर व अध्यापिका दलजीत कौर को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल पट्टी में दाखिल करवाया गया है। हालत गंभीर होने के कारण नवदीप सिंह व सुखदीप सिंह को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वैन ड्राइवर फरार है। उधर, फतेहगढ़ साहिब में फलोटिंग रेस्टोरेंट की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार सेंट्रों कार ने सड़क किनारे काम कर रहे दो मजदूरों को रौंद डाला। मृतकों की पहचान मुरादाबाद निवासी राजू तथा महेंद्र के रूप में हुई है। दोनों मजदूर सड़क के बीचोंबीच बने डिवाइडर पर सफाई कर रहे थे कि कार इन पर जा चढ़ी।