
फतेहगढ़ साहिब-एक सितंबर को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल श्री गुरुग्रंथ साहिब विश्व सिख यूनिवर्सिटी का नींव पत्थर रखेंगे। इसकी तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए माता गुजरी सराए फतेहगढ़ साहिब में जिला अध्यक्ष जगदीप सिंह चीमा की अध्यक्षता में शिरोमणि अकाली दल की बैठक आयोजित की गई। मंगलवार को हुई इस बैठक में जिले के लगभग सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। नींव पत्थर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बैठक में शामिल सभी सीनियर नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर विधायक दीदार सिंह भट्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री बादल जिले के विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। बादल फतेहगढ़ साहिब जिले को पंजाब के अग्रनीय जीला बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष जगदीप चीमा ने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को प्रयास करने होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक समर्थकों को समारोह में लाने के लिए कहा। उन्होंने आपसी गुटबंदी को छोड़ सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करने को कहा। इस मौके पर सीनियर अकाली नेता रणधीर सिंह चीमा, रणजीत सिंह लिबड़ा आदि नेता मौजूद थे।