
संवाददाता, जालंधर
सिक्स-ए-साइड हाकी लीग के जरिए खेल विभाग चाहता है लड़कियों में स्किल व स्टेमिना का विकास। खेल विभाग के डायेक्टर व हाकी के महारथी परगट सिंह ने चार माह चलने वाली अनूठी लीग की शुरुआत के समय खिलाड़ियों को तकनीकी जानकारी भी दी।
शनिवार को सुबह 10 बजे प्लेयर्स को उम्मीद थी कि मैच समाप्त होते ही छुंट्टी हो जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। परगट सिंह मैच समाप्त होते ही खुद हाकी स्टिक पकड़ ग्राउंड में आ गए। उन्होंने 10 मिनट के समय में खिलाड़ियों को हाकी तकनीकी के पांच खास सूत्र बताए।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ग्राउंड में लगी साइड बार का खूब प्रयोग करें। ताकत से बाल को साइड बार से टकराएं, इससे आप विरोधी टीम की खिलाड़ी से घिर जाते हैं, तो बाल पर टीम का कंट्रोल बना रहता है। सिक्स-ए-साइड हाकी को जिस तरीके से आप धीमे-धीमे खेल रहे हों, इससे आप हमेशा ही खुद को घिरा हुआ महसूस करते हैं। जब साइड बार का सही प्रयोग करते हैं, तो मानसिक दबाव भी कम होता है।
परगट सिंह ने दूसरा सूत्र यह बताया कि हर खिलाड़ी शरीर की मूवमेंट के अनुसार शक्ति का प्रयोग स्टिक के जरिए बाल हिट करने में करे। स्किल के साथ-साथ अपनी फिटनेस पर भी ध्यान दें। ग्राउंड में इस बात का भी ख्याल रखें कि बाल पर पूरा कंट्रोल बना रहे। गोल पोस्ट के पास जाते मौके का सही इस्तेमाल सीखना होगा। खिलाड़ी भी परगट सिंह की कोचिंग से काफी उत्साहित नजर आई।