

जयपुर, जागरण संवाद केंद्र : यहां के
सेंट्रल पार्क में शुक्रवार को एक युवती की गला रेत कर हत्या कर दी गई। हत्यारा भारी बारिश का फायदा उठा आसानी से वारदात को अंजाम दे फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग मानते हुए प्रेमी की तलाश शुरू कर दी।
वारदात के बाद से युवक फरार है। उसके दिल्ली में होने की खबर है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची शव मुंह के बल जमीन पर पड़ा था। उसके गर्दन पर पीछे की तरफ दो घाव थे तथा गला रेता हुआ था। रात को तेज बारिश होने के कारण जमीन पर पड़ा खून बह गया। पुलिस ने रात में शव बरामद कर शवगृह में रखवाया। सुबह भट्टा बस्ती से युवती के गुम होने की सूचना पर पड़ताल में उसकी पहचान रेखा रूप में हुई। युवती का काफी समय से एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पहले एक साथ काम करते थे। लड़की के परिजन शादी के खिलाफ थे। विरोध के कारण ही युवती ने दो माह पहले नौकरी छोड़ दी थी। पूछताछ में सामने आया कि नौकरी से छूटने के बाद वह युवक के साथ ही आती-जाती थी।
उधर, मृतका के परिजनों ने बताया कि उन्होंने युवक और उसके घर वालों को लड़की से दूर रहने के लिए समझाया भी था। लेकिन युवक पर कोई असर नहीं हुआ। मृतका रेखा शिवलानी शास्त्री नगर हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी चंद्रप्रकाश शिवालानी की बेटी थी। वह सी-स्कीम में श्री जी टावर स्थित निजी बैंक की गृह ऋण शाखा में बैंक ऑफिस एग्जीक्यूटिव थी।