
जयपुर, जागरण संवाद केंद्र : प्रदेश में बरसाती मौसम के साथ ही मलेरिया और डेगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मलेरिया और डेगू के फैलने के कारणों में सड़कों और गलियों में फैली गंदगी भी काफी हद तक जिम्मेदार है। प्रदेश में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। अब तक इसने सबसे अधिक सवाईमाधोपुर, करौली और दौसा के लोगों को अपना शिकार बनाया है। हालांकि डेगू और मलेरिया समान रूप से रोगियों को अपनी चपेट में ले रहे है, लेकिन उनमें मलेरिया के मरीजों की संख्या डेगू की तुलना में अधिक है। फोर्टिस अस्पताल के डॉ. आर एस. खैदर का कहना है कि बुखार से पीड़ित आने वाले पांच में से तीन मरीज तो मलेरिया के पाए जा रहे है। जेकेलोन अस्पताल के डॉ. एस.डी. शर्मा का कहना है कि यह बीमारी बच्चों को खास-तौर पर अपना शिकार बना रही है। बच्चों को इससे बचाने की खास जरूरत है, क्योंकि इसमें रोगी का रक्त दूषित होने के बाद उसके जल्दी ठीक होने की उम्मीद कम ही रह जाती है।