
जयपुर, जासंकें : राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी 'शिक्षक प्रकोष्ठ' के अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा ने राज्य की भाजपा सरकार द्वारा डीजल एवं गैस की कीमतों में विलंब से की गई मामूली कमी को अपर्याप्त बताते हुए इसे राज्य सरकार का आर्थिक दिवालियापन वाला निर्णय बताया है। शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन अपनी सुदृढ़ आर्थिक स्थिति का ढोल पीटने वाली भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता चार रुपये प्रति लीटर पेट्रोल, 2.50 रुपये प्रति लीटर डीजल एवं 25 से 50 रुपये प्रति सिलेंडर गैस में कमी किए जाने की आशा लगाए बैठी थी पर सरकार की इस तुच्छ घोषणा ने जनता को जबर्दस्त निराश किया है। शर्मा ने यह कहा कि सरकार के इस फैसले से अब यह भी सिद्ध हो गया है कि भाजपा सरकार की महंगाई घटाकर जनता को लाभ पहुंचाने में कोई रुचि नहीं है और न ही वह जमाखोरों, मुनाफाखोरों, मिलावटियों की मंडली पर कठोर कार्रवाई कर महंगाई पर काबू करना चाहती है। भाजपा के इन कृत्यों से अब यह सिद्ध हो गया है कि वास्तव में देश में भाजपा की नीतियां ही महंगाई बढ़ाने के प्रमुख कारणों में से एक हैं।