
फीरोजाबाद। बुधवार की रात लगभग 3.30 बजे यहां बाईपास रोड स्थित सुभाष चौक के निकट जीप और ट्रक में हुई भीषण भिड़ंत में छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि 21 लोग घायल हो गये। घायलों में तीन को गंभीर हालत में उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। मृतकों में दो की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जीप में सवार लोग लड़की का लगुन चढ़ाकर आगरा से मैनपुरी लौट रहे थे।
बताया गया है कि मैक्स जीप में करीब 29 लोग सवार थे जो आगरा पहुंचे और लगुन टीका धूमधाम से चढ़ाया। वर पक्ष ने सभी को दावत खिला कर हंसी खुशी विदा किया। सभी लोग बुधवार की आधी रात बाद मैनपुरी के लिये लौट लिये। इसी मध्य तेज आंधी आ गयी थी। आंधी थमने के बाद बूंदाबांदी भी हुई। सभी लोग जीप से रात करीब तीन बजे फीरोजाबाद आ पहुंचे। बताते हैं कि जीप जैसे ही सुभाष चौक से मैनपुरी जाने के लिये शिकोहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर थोड़ी दूर बाईपास रोड जिला अस्पताल पर पहुंची वैसे ही चम्बल सेण्ड भरा ट्रक नम्बर यूपी 79ए-0630 गलत दिशा में तेजी से आया और एक ही साइड में दोनों वाहनों की आमने-सामने जबर्दस्त टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप सवार कुछ लोग छिटक कर इधर-उधर गिरे तो कुछ सीटों के मध्य में फंस गये। घायलों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जीप का अगला हिस्सा पूरी चकनाचूर हो गया।