
झांसी। विवाद के चलते ससुराल से घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में ससुरालवालों ने गोली मार दी। गम्भीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
जिला टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) के निवाड़ी थाना क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाले जयप्रकाश सोनी के पुत्र विजय सोनी का विवाह बड़ागांव थाना क्षेत्र अन्तर्गत हुआ था। पिछले दिनों उसकी पत्नी मायके गयी थी। विजय के अनुसार उसका ससुरालवालों से विवाद चल रहा है। आज वह पत्नी से मिलने ससुराल गया था। बड़ागांव से वह स्कूटर द्वारा वापस निवाड़ी जा रहा था। जब वह बरुआसागर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम घुघुवा के निकट पहुंचा, तभी पीछे से आई एक कार उसे ओवरटेक कर आगे निकली और उसमें सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया। स्कूटर रोकते ही कार सवारों ने उसे गोली मार दी। विजय के आरोपों के अनुसार कार में ससुराल पक्ष के चार लोग सवार थे। घटना के बाद हमलावर वहां से भाग निकले। विजय को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया।