
अलीगढ़। एक्सप्रेस वे के जिन किसानों की जमीन ली गई है, उन्हें मुआवजा बांटने के काम में तेजी आ गई है। मुआवजा राशि को लेकर आंदोलन पर उतारू किसान अब मुआवजा राशि को लेकर चिंतित हैं और अधिकांश किसानों ने करार पत्र पर दस्तखत कर चेक लेने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को सिमरौठी और कृपालपुर के 44 किसानों को करीब सवा तीन करोड़ रुपये के चेक बांटे गए। शनिवार को स्यारौल के सवा सौ किसानों को चेक बांटे जाएंगे।
एक्सप्रेस वे के लिए ग्यारह गांवों की अधिगृहीत 179 हेक्टेयर जमीन के बदले मुआवजा देने के लिए प्रशासन को करीब 70 करोड़ रुपया बांटना है। करीब 27 करोड़ रुपया तो पहले मिल चुका है जबकि 42 करोड़ रुपया और मिल गया है। इस धनराशि का वितरण इसी माह होना है। पिछले महीने मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों ने खूब प्रदर्शन किया और कब्जा देने तक में अड़चन डाली। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और किसानों को समझाने के बाद किसानों ने निर्धारित मुआवजे पर सहमति जतानी शुरू की। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अब तक करीब 20 करोड़ रुपया बांटा जा चुका है और जमीन हस्तांतरण के कागजात तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।
एडीएम प्रशासन हरनाम सिंह ने बताया कि जिन गांवों के किसानों की जमीन ली गई है, उन्हें मुआवजा बांटने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि स्यारौल के सवा सौ किसानों को शनिवार को मुआवजा बांटने की तैयारी कर ली गई है। इसके अलावा जिन गांवों के किसानों को मुआवजा दिया जाना है, उनके कागजात भी तैयार किए जा रहे हैं, लेकिन जिन किसानों के बीच जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा है, उनका समाधान होने के बाद मुआवजा दिया जाएगा।