
आगरा। बैड वीमेंस अब पुलिस के निशाने पर हैं। रकाबगंज में महिला सट्टे की गद्दी चला रही थी। दूसरी एत्माद्दौला में नकली नोट चलाने का प्रयास कर रही थी। गुरुवार रात्रि एक को पुलिस ने और दूसरी को भीड़ ने पकड़ लिया।
छीपीटोला निवासी अनीता उर्फ मीना पुत्री भोलानाथ की बस्ती में परचूनी की दुकान है। वहीं से सट्टे की गद्दी चला रही थी। बताते हैं, उसके यहां सट्टा लगाने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं और किशोरों की थी। वह काफी समय से सट्टे की खाई-बाड़ी कर रही थी। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार उसका विरोध किया, लेकिन वह नहीं मानी। जिस पर उसकी शिकायत एसएसपी से कर दी। गुरुवार देर रात्रि पुलिस ने उसे एक युवक सहित रंगे हाथों खाई-बाड़ी करते पकड़ लिया। उधर, अनीता का कहना था इसके पीछे क्षेत्र में सक्रिय बड़े सट्टेबाज की चाल है, जो बड़े पैमाने पर सट्टे का काम करता है। अपना वर्चस्व बनाने के लिये उसे और अन्य लोगों को जबरन फंसाना चाहता है। इंस्पेक्टर रकाबगंज कृष्ण कुमार ने बताया आरोपी अनीता के पास से पर्ची और नकदी बरामद की गयी है। उसके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गयी है।
दूसरा मामला एत्माद्दौला यमुना ब्रिज के निकट का है। गुरुवार रात्रि महिला ने एक दुकान पर चप्पल पहनी। दुकानदार को पांच सौ का नोट थमा दिया, जिसे उसने वापस कर दिया। इस पर महिला की उसके साथ नोंक झोंक हो गयी। विवाद बढ़ा तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। दुकानदार का कहना था कि महिला जबरन नकली नोट चलाने का प्रयास कर रही थी। मना करने पर झगड़ा करने लगी। बात खुलने पर महिला वहां से खिसकने का प्रयास करने लगी। जिस पर लोगों को संदेह हो गया। उन्होंने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के लिये पुलिस के सुपुर्द कर दिया। महिला ने बताया वह यमुना ब्रिज पर सब्जी की ठेल लगती है। उक्त नोट उसे एक व्यक्ति दे गया था। एसओ एत्माद्दौला अरुण कुमार सिंह ने बताया महिला से पूछताछ की जा रही है।