
आगरा। ट्रैफिक पुलिस ने बाईपास रोड के चौराहों पर हर रोज लगने वाले जाम रोकने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। मार्ग के चार प्रमुख चौराहों सुल्तान गंज, वाटर वर्क्स, खंदारी और रामबाग के लिए स्पेशल ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही एमजी रोड पर टैम्पुओं का परिचालन बंद कराने को विचार-विमर्श चल रहा है।
एसएसपी रघुवीर लाल ने शुक्रवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नया प्लान लागू होने के बाद यहां का ट्रैफिक स्मूथ हो जाएगा। वैसे पूर्व से इसमें काफी सुधार के हालात हैं। उद्योगपतियों ने इन चौराहों से अतिक्रमण हटवाने और वहां ट्रैफिक बूथ स्थापित करने की मांग की थी। सुल्तानगंज के मामले पर विशेष रूप से जोर दिया था। इसके अलावा जीवनी मंडी, आगरा कैंट स्टेशन, एत्माद्दौला-ताज महल रोड की स्थिति पर भी विशेष रूप से ध्यान देने को कहा गया। बैठक में एसएसपी ने बताया कि एम.जी. रोड की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की भी कोशिशें चल रही हैं। यहां सबसे ज्यादा शिकायतें टैम्पो चालकों की आ रही हैं। इसके बाद विचार किया जा रहा है कि इन्हें सड़क पर आने से रोक दिया जाए। जल्द अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एडीए ने एमजी रोड पर टैम्पो का संचालन बंद कर इंदौर की तरह सिटी बसें चलाने की योजना बनाई है। संगठन की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए वहां सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। कमला नगर थाने के मामले पर बताया गया कि इसका प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। उद्योगों ने आशंका जताई आलू की मंदी की वजह से शीतगृह स्वामियों और किसानों के बीच मतभेद के मामले सामने आ सकते हैं। ऐसे में पुलिस कार्रवाई करने से पहले पूरे हालातों की जानकारी कर ले। विदेशी पर्यटकों के साथ जघन्य वारदातों पर भी कठोर निर्णय लेने को कहा।