
गोरखपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, अपराधियों के संरक्षण और महंगाई के खिलाफ 9 अगस्त से 23 अगस्त तक 'संघर्ष अभियान' चलाएगी। इसमें केन्द्र और प्रदेश के नेता संघर्ष में हिस्सा लेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डा. त्रिपाठी शनिवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डेढ़ दशक में किसी राजनीतिक दल ने भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ अभियान नहीं छेड़ा है। भाजपा और सहयोगी दलों का 12 राज्यों में सरकार है। केन्द्र में भी हम सत्ता में रहे हैं, लेकिन कोई ऐसा मंत्री जिसके खिलाफ आय से अधिक सम्पत्ति की जांच हो रही हो अथवा लंबित हो। यह भाजपा के चरित्र का प्रमाण है।
भाजपा नेता ने कहा कि जब केन्द्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हमारी सरकार थी। हमने परमाणु परीक्षण कर भारत का सम्मान बढ़ाया। विकसित राष्ट्रों ने आर्थिक प्रतिबंध लगाया। बाढ़ जैसी भीषण त्रासदी के अलावा युद्ध में हमने फतह हासिल की। साथ ही आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक विषमताओं के बावजूद भाजपा शासन में महंगाई नियंत्रित रही। डा. त्रिपाठी ने साफ तौर पर कहा कि भ्रष्टाचार के कारण महंगाई बढ़ी है। हम जनता के बीच वास्तविक चेहरा उजागर करेंगे। चुनाव चाहे जब भी हो, भाजपा चुनाव के लिए तैयार है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संप्रग विश्वास मत हारती है तो भाजपा चुनाव मैदान में जाएगी। हम राजग के अलावा किसी भी अन्य दलों से समझौता कर सरकार नहीं बनाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. त्रिपाठी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव अपनी नीतियां छोड़कर डा. राममनोहर लोहिया को ठेंगा दिखा रहे हैं। सपा को अपराधियों का गिरोह और उत्तर प्रदेश के विनाश का कारण मानने वाली कांग्रेस पार्टी आज उसी से समझौता कर ली है। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस का समझौता राष्ट्रीय एवं जनहित में नहीं वरन एक दूसरे के व्यक्तिगत हित और सुरक्षा के कारण हुई है।