
गाजियाबाद। आरुषि हत्याकांड के अभियुक्त विजय मंडल की सीबीआई रिमांड अदालत ने तीन दिन और बढ़ा दी। इससे पहले सीबीआई ने शनिवार को सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट सपना मिश्रा की अदालत में विजय मंडल को पेश कर छह दिन का रिमांड मांगा था।
गौरतलब है कि सीबीआई पहले भी विजय मंडल को दो बार रिमांड पर ले चुकी है। पहले उसे तीन दिन का रिमांड दिया गया था और उसके बाद चार दिन का रिमांड बढ़ाया गया था। यह रिमांड अवधि शनिवार को पूर्ण होने पर सीबीआई ने विजय मंडल को सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट सपना मिश्रा की अदालत में पेश किया। सीबीआई ने अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर कहा कि रिमांड अवधि के दौरान विजय मंडल के कई साइंटिफिक टेस्ट कराए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है, जबकि कुछ और साइंटिफिक टेस्ट होने बाकी हैं। इसलिए विजय मंडल को छह दिन के रिमांड पर दिया जाए।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता नरेश यादव व संजय त्यागी ने सीबीआई के प्रार्थना पत्र का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सीबीआई विजय मंडल को अब तक सात दिन के रिमांड पर ले चुकी है और अभी तक कुछ भी तथ्य प्राप्त नहीं कर सकी है। इसलिए उसकी रिमांड अवधि न बढ़ाई जाए। अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद विजय मंडल की रिमांड अवधि तीन दिन और बढ़ा दी।