

अलीगढ़। भारत के उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की पत्नी सलमा अंसारी ने अलीगढ़ प्रवास के दौरान कहा कि जिस देश के बच्चे अशिक्षित होते हैं, वह देश तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए बच्चों को शिक्षित करना बहुत जरूरी है।
श्रीमती अंसारी शनिवार को एक दिन के प्रवास पर अलीगढ़ में थीं। उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि जिन बच्चों को किसी स्कूल में दाखिला नहीं मिलता उनको हमारे स्कूलों में पढ़ाया जा रहा है। बच्चों को स्कूल की ड्रेस, किताबें और जूते भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किला पब्लिक स्कूल, मदरसा-ए-चाचा नेहरू दोदपुर, अलनूर स्कूल का दौरा किया। श्रीमती अंसारी ने बताया कि छात्रों की संख्या अधिक है, इसलिए स्कूल तीन शिफ्टों में चलाया जाएगा। शाम की शिफ्ट में प्रौढ़ शिक्षा दी जाएगी। इसमें आसपास की महिलाएं व लड़कियां आकर शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ सिलाई, बुनाई, कढ़ाई भी सीख सकेंगी। जनसंपर्क अधिकारी राजाबाबू ने बताया कि बच्चों द्वारा समर कैंप में बनाए गए शिल्पों, खिलौने, सिलाई, कढ़ाई आदि की प्रदर्शनी अगस्त के प्रथम सप्ताह में लगाई जाएगी। इसके लिए टिकट भी लगाया जाएगा। इससे होने वाली आय को स्कूलों पर खर्च किया जाएगा।
स्कूलों में दौरे के दौरान उनके साथ उप जिलाधिकारी सभाजीत तिवारी, एसीएम द्वितीय, डीपीएस एजूकेशन सोसायटी की शारदा नायक एवं स्कूल प्रबंधक मौजूद थे।