

आगरा। थाना दिवस एत्माद्दौला स्टाफ के लिए पसीना छुड़ाने वाला रहा। औचक निरीक्षण पर पहुंचे आईजी गुरुबचन लाल ने शिकायतों के निस्तारण में खामियां पाए जाने पर तगड़ी क्लास ली। आलम यह था कि घबराहट में सीओ थाना दिवस के आयोजन का सही औचित्य भी नहीं बता पाए। लगभग दो घंटे तक चले निरीक्षण में आईजी तेजी से सुधार लाने की चेतावनी देकर लौट आए।
दोपहर लगभग डेढ़ बजे थाना दिवस समाप्ति की ओर था। इसी बीच आईजी गुरुबचन लाल थाने पहुंचे और थाना दिवस की शिकायतों का रजिस्टर मंगाया। जब निस्तारण के बारे में सवाल पूछे गए तो थानेदार जवाब नहीं दे पाए। कई मामले ऐसे पाए गए जिनमें समझौता हुआ था, लेकिन दोनों पक्षों के हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर आईजी ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद सीओ छत्ता से पूछताछ शुरू हुई। मकान पर कब्जे की शिकायत पर दोनों पक्षों के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई का कारण पूछा गया तो वे जवाब नहीं दे पाए।
आईजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि थाना दिवस आने वाली शिकायतों को टरकाने के लिए नहीं, बल्कि तत्काल निस्तारण करने के लिए है। इस आयोजन में इसीलिए सभी विभागों के अधिकारियों को बैठाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।