
आगरा। अभी तक शस्त्र न खरीदने वाले लाइसेंस धारक प्रशासन के निशाने पर थे। अब नवीनीकरण में ढिलाई बरतने वाले भी फंसेंगे।
डीएम अनिल कुमार ने जांच करायी तो उजागर हुआ कि हर थाना क्षेत्र में सैकड़ों शस्त्र धारक ऐसे हैं, जिन्होंने कई माह बीतने के बाद भी अपने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है। इसे उन्होंने गंभीरता से लेते हुए सभी लाइसेंस धारकों को निरस्तीकरण के नोटिस जारी करने के आदेश दिये हैं। उनके निर्देश पर नोटिस तैयार कर सम्बन्धित थानों को भेज दिये गये हैं। जहां से पुलिसकर्मी घर-घर पहुंचकर यह नोटिस रिसीव कराने में जुटे हैं। नोटिस में साफ है कि बगैर लाइसेंस नवीनीकरण शस्त्र रखने पर आयुध अधिनियम 1959 की धारा 25 के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन लाइसेंस धारकों ने नवीनीकरण करा लिया है, वह 30 जुलाई तक कलक्ट्रेट आकर अपनी प्रविष्टि दर्ज करा लें। अन्यथा उनके खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।