
आगरा। बैकलॉग भर्ती प्रकरण ने अंबेडकर विवि को राजनीति का अखाड़ा बना दिया है। जांच में फंसे कांसीराम शोध पीठ के सदस्य डा. आर.के. भारती की ओर से कुलपति और कुलसचिव के खिलाफ मुकदमे से विवि का माहौल शनिवार को भड़क गया। गुस्साये विविकर्मियों और छात्रों ने उससे सम्बद्ध शहर के सभी कालेजों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कराने का फैसला लिया है। उधर कुलपति ने साफ कहा कि आर.के. भारती को क्लीन चिट देने के लिए उन पर बसपा नेताओं का भारी दबाव है। एक वरिष्ठ नेता तो उनको खुलकर धमका चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि बैकलाग भर्ती प्रकरण में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच के दौरान रात आर.के. भारती ने आरोप लगाया था कि उन पर कुलपति और कुलसचिव ने जानलेवा हमला कराया है। इस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। इसकी जानकारी सुबह विवि में हुई तो शिक्षक, कर्मचारी और छात्र उबल गए। एकजुट होकर उन्होंने विवि बंद करा दिया। कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजकुमार सिंह, महासचिव आनंद टाइटलर, समाजवादी छात्र सभा नगर अध्यक्ष मदनमोहन शर्मा, एनएसयूआई, छात्र लोकदल, एबीवीपी और शिक्षक संघ ने ऐलान कर दिया कि जब तक डा. भारती को बर्खास्त नहीं किया जाएगा, विवि और शहर के सभी कालेज अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगे। बिना जांच कुलपति और कुलसचिव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने वाले सीओ के निलंबन की मांग भी की गयी। शुक्रवार को अनुसूचित जाति-जनजाति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजकुमार सिंह और महासचिव आनंद टाइटलर के नेतृत्व में कर्मचारियों और छात्र नेताओं ने बसपा मंडल कोर्डिनेटर देवेंद्र चिल्लू की अर्थी निकालकर प्रदर्शन किया।