
आगरा। टेलीफोन पर गुफ्तगू और इंटरनेट पर दुनिया को एक क्लिक पर घुमाने के बाद बीएसएनएल अब जल्द ही ड्राइंग रूम में धमाल मचाने वाला है। आईपीटीवी (इंटरनेट प्रोटोकोल टीवी) के जरिये उपभोक्ताओं को टेलीफोन कनेक्शन पर ही जो चाहोगे, देखने और सुनने को मिलेगा। अक्षरधाम और तिरुपति बालाजी भगवान के दर्शन करें या फिर फिल्मों के मनपसंद गीत-संगीत पर झूमें। कोई प्रोग्राम दिल में घर कर जाये तो स्टोर कर लो। हां, इसी कनेक्शन पर ट्रिन-ट्रिन होने पर बात कर लो, इस दौरान का प्रोग्राम तो रिपीट भी हो जायेगा।
यह नेटवर्क गुड़गांव से संचालित होगा। यहां पर पश्चिमी यूपी के 53 शहरों के लिए आईपीटीवी सिस्टम का सरवर बनाया गया है। आगरा में यह सिस्टम टैक्स भवन में स्थापित हो गया है और इसका डिमोंस्ट्रेशन कर तकनीकी खामियां भी दुरुस्त कर ली गईं। बस अब ऊपर से हरी झंडी का इंतजार है। ऑप्टीकल फाइबर केबिल पर ही इसके कनेक्शन के लिए मॉडम और सेटअप बॉक्स की जरूरत पड़ेगी। इसके टैरिफ के बारे में स्थानीय प्रबंधन को ब्यौरा उपलब्ध नहीं हो पाया है।
इस सिस्टम में तमाम खूबियां होंगी। सूत्रों के अनुसार, हाल ही रिलीज हुई मूवी को 24 घंटे तक के लिए 'बुक' कराया जायेगा। इसके लिए बस एक कोड फीड करना होगा। निर्धारित समय बाद मूवी स्वत: ही डिलीट हो जायेगी। 150 घंटे का प्रोग्राम स्टोर कर जब चाहें देख सकेंगे। ऑन डिमांड मूवी, गीत-संगीत की सुविधा मिलेगी। करीब 200 पैड, अनपेड और फ्री चैनल देखने को मिलेंगे। इनमें 150 मूवीज शामिल होंगी।
और हां, अगर प्रोग्राम के दौरान इसी कनेक्शन पर कोई कॉल आ जायेगी, तो आप बात कर लें। इस दौरान 15 मिनट का प्रोग्राम रिपीट कर देख सकेंगे। एक कनेक्शन पर दो टीवी आपरेट की सुविधा मिलेगी। बीएसएनएल अधिकारियों का दावा है कि आईपीटीवी की गुणवत्ता बहुत अच्छी दी जायेगी। इसके लिए विशेष नेटवर्क बिछाया गया है।