
आगरा। ताजगंज में पुरानी मंडी के खैराती टोला में बेकाबू ट्रक ने अफरा-तफरी फैला दी। दो ऑटो को चपेट में लेकर आठ सवारियों को घायल कर दिया। वहीं जीवनी मंडी मार्ग पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया।
घटना अपराह्न तीन बजे की है। पुरानी मंडी की ओर से आ रहे ट्रक यूपी-80एन-9961 ने खैराती टोला गेट के पास ऑटो यूपी 80एटी-9606 तथा यूपी 80एजेड-9670 को चपेट में लेकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पास स्थित हनुमान मंदिर की दीवार भी तोड़ दी। वहां यह देख भगदड़ मच गई। ऑटो में फंसी सवारियों को लोगों ने बाहर निकाला। घायलों के नाम श्याम सुंदर शर्मा पुत्र तुलाराम, सतीश चंद (50) पुत्र रमेशचंद, प्रेमदेवी (65) पत्नी सुखलाल, मीना (48) पत्नी हीरालाल, विपिन चौहान (17) पुत्र राम स्वरूप तथा दीपू (16) पुत्र मोहन हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
उधर जीवनी मंडी मार्ग पर अपराह्न ट्रक ने बाइक सवार 25 वर्षीय गजेंद्र सिंह पुत्र जगन सिंह को चपेट में ले लिया। उसने मौके पर दम तोड़ दिया। वह बहादुर पुर न्यू आगरा का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार मृतक दूधिया था। दुर्घटना के बाद भागने का प्रयास करते ट्रक को लोगों ने पकड़ लिया।