
आगरा। इंजीनियरिंग और व्यावसायिक कालेजों में मैनेजमेंट कोटे की सीटों पर प्रवेश के दौरान डोनेशन तथा मनमानी फीस वसूली पर शासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है।
कई जिलों से पहुंची ऐसी शिकायतों पर विशेष सचिव आरएन सिंह ने कमिश्नर और डीएम से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा है कि शासन स्तर से गठित कमेटी से अपने यहां संचालित सभी कालेजों की जांच कराएं। फिर एक सप्ताह के अंदर उसकी रिपोर्ट भेजें। विशेष सचिव ने प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव को भी निर्देशित किया है कि वह भी अपने स्तर से प्रवेश में अनियमितताओं और शिकायतों की जांच कराके रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। प्रदेश के व्यावसायिक एवं प्राविधिक शिक्षा अनुभाग द्वारा जांच के लिए पहले ही दो कमेटियां गठित की जा चुकी हैं। कमेटी में सम्बन्धित जिले के डीएम का प्रतिनिधि, संयुक्त शिक्षा निदेशक प्राविधिक शिक्षा, शासन के प्रतिनिधि, प्राविधिक विवि के प्रतिनिधि शामिल किये गये हैं। जांच के लिए पश्चिमी क्षेत्र में आगरा के अलावा मेरठ, मुरादाबाद, झांसी, सहारनपुर, चिह्नित किये गये हैं।