
अलीगढ़। ईद और दशहरा को त्योहार निकलने के बाद अब दीपावली भी करीब है। ऐसे में सभी महकमों में वेतन दिया जा चुका है। नलकूप विभाग में तनख्वाह नहीं मिलने पर कर्मचारी भड़क गए। उन्होंने डीडीओ एवं एक्सईएन सिंचाई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव किया। तत्काल बिल पर दस्तख्त कराने पर अड़े कर्मचारियों का गुस्सा देख अभियंता चुपके से भाग निकले।
जिले में नलकूप विभाग की दो डिवीजन में करीब बारह सौ कर्मचारी हैं। ड्रेनेज खंड में भी कई सौ कर्मचारी हैं। इन सभी का वेतन बिल पास करने का अधिकार अलीगढ़ खंड गंगा नहर के अधिशासी अभियंता को है। नलकूप विभाग के कर्मचारियों का आरोप है कि जब से नए एक्सईएन आए हैं तब से हमेशा बिल देरी से पास होते हैं। इस बार भी अभी तक सेलरी नहीं मिली है। कई महीने पहले भी नलकूप विभाग के कर्मचारी सिंचाई विभाग के अभियंता से विरोध दर्ज करा चुके हैं। अब उनके सब्र का बांध टूट गया है। कर्मचारी करीब दो बजे चौ. चरण सिंह विशेष अतिथि गृह में चल रही सिंचाई बंधु की बैठक में पहुंचे। उन्होंने एक्सईएन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। उनका कहना था कि ठेकेदारों के चेक पर कतई देरी नहीं होती तो वेतन क्यों देर से दिया जा रहा है? उनका आरोप था कि एक्सईएन महकमे के मंत्री के यहां अपना कोई रिश्तेदार बताते हुए दूसरे अफसरों पर दबाव बनाते हैं। इस दौरान नलकूप के एक्सईएन और सिंचाई विभाग अधिशासी अभियंता के बीच बातचीत हुई। नलकूप वालों का कहना था कि उनके यहां बिल 27 सितंबर को पहुंचा दिए गए हैं। वहीं एक्सईएन सिंचाई का कहना था कि बिल महीने की 25-26 तारीख तक भेजे जायें। नलकूप वाले इस पर भी सहमत हो गए। बाद में जब एक्सईएन सिंचाई गाड़ी में बैठकर जाने लगे तो कर्मचारी सामने बैठ गए। उन्होंने घेराव भी किया। कर्मचारी नेता प्रेमपाल सिंह, विमल कुमार, जगवीर आदि तमाम ने मौके पर ही बिल पर हस्ताक्षर करने की मांग की। इस पर एक्सईएन गाड़ी से उतर कर चुपके से अधीक्षण अभियंता के कार्यालय की ओर निकल गए। बाद में कर्मचारियों ने उनके दफ्तर पर पहुंचकर हंगामा किया। देर शाम बिलों हस्ताक्षर के बाद ही कर्मचारी शांत हुए।