
अलीगढ़। संत फिदेलिस स्कूल के ईको क्लब की ओर से आयोजित वन्य जीव सप्ताह में अनेक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। नाटक के माध्यम से इसकी महत्ता बताई।
समारोह के मुख्य अतिथि हरीतिमा के अध्यक्ष सुबोध नंदन शर्मा ने कहा कि प्रकृति द्वारा निर्मित एक-एक वस्तु का मानव जीवन से गहरा संबंध है। इसी में वन्य जीव भी आते हैं। उन्होंने कहा :- 'वन्य जीव मिटते रहे, कटें वृक्ष दिन-रात। तो इक दिन मिट जाएगी, खुद आदम की जात।।'
विशिष्ट अतिथि डिवीजनल फारेस्ट आफीसर अतुल कुमार अग्रवाल ने संत फिदेलिस के ईको क्लब द्वारा पर्यावरण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं यह भी बताया कि उन्हें शहर के विभिन्न विद्यालयों में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, मगर अनुशासित और साफ-सुथरे वातावरण से वे बहुत प्रभावित हैं। इस मौके पर ईको क्लब के तीस सदस्यों को बैज दिए गए तथा सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रकृति की दशा को प्रकट करते हुए एक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। इसमें कुमारी जाह्नवी, निखिल सोनी, अभिजीत सिंह, भुवेंद्र, स्वाभिमान, आर्यन, चिन्मय व शिखर गुप्ता ने बेहतरीन अभिनय किया। कुमारी मनीषा कौशल ने कमेंट्री की। स्कूल के प्रिंसिपल फादर जॉर्ज पॉल ने स्मृति चिह्न देकर अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुमारी मंजरी अग्रवाल, निधि चौधरी, अरुण चटर्जी, कुमारी कृति अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अशोक अंजुम ने आभार जताया और कुमारी नेहा ने संचालन किया।