
आगरा। डा. बीआर अम्बेडकर विवि को हर कदम ठोकर लग रही है। बीपीटी छात्रों ने परीक्षा देने से मना कर दिया है। तय किया है कि जब तक विवि बीपीटी की मान्यता नहीं लेता, वे परीक्षा नहीं देंगे।
विवि ने बैचलर आफ फिजियोथैरेपी की परीक्षा 13 अक्टूबर को निर्धारित की है, लेकिन क्लास के सभी 37 छात्र-छात्राओं ने कुलपति को ज्ञापन देकर कह दिया है कि वे परीक्षा नहीं देंगे। मान्यता के बिना परीक्षा देकर वे अपना कैरियर बर्बाद नहीं करना चाहते। दरअसल 2003 में पाठ्यक्रम शुरू होने से अब तक विवि मान्यता नहीं ले सका है। बीपीटी के लिए देहली काउंसिल आफ फिजियोथैरेपी एंड ऑक्युपेशन थैरेपी, मेडिकल थैरेपी और इंडियन एसोसिएशन आफ फिजियोथैरेपी से मान्यता लेनी पड़ती है। विवि ने अभी इनमें से किसी से भी मान्यता नहीं ली है। पहले बैच के छात्र इसका खामियाजा अब तक भुगत रहे हैं। पिछले वर्ष पास आउट हुए वे छात्र इंटर्नशिप के लिए किसी अस्पताल में गए तो उनकी डिग्री को अमान्य घोषित कर लौटा दिया गया। वे अब तक यूं ही घूम रहे हैं। सीनियर्स का हश्र देख जूनियर चेत गए। हालांकि ज्ञापन देने गए छात्रों को कुलपति ने आश्वासन दिया है कि मान्यता के प्रयास चल रहे हैं। जब तक मान्यता नहीं मिल जाती, तब तक के लिए परीक्षा स्थगित कर दी जाएगी।