
आगरा। आगरा से बयाना जा रही शटल ट्रेन में एक रिटायर्ड सिपाही जहरखुरानी का शिकार बना लिया गया। सीकरी स्टेशन पर अचेतावस्था में देख जीआरपी ने उसे इलाज के लिए आगरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। जेब में मिले आई कार्ड से सिपाही की पहचान हो सकी।
मामले के अनुसार, बैग में मिले आई कार्ड के मुताबिक रिटायर्ड सिपाही करीब साठ वर्षीय उदयवीर सिंह पुत्र गीतम सिंह निवासी ग्राम हसनपुरा गठिया, फीरोजाबाद की जेब में दिल्ली से शिकोहाबाद तक नौ अक्टूबर को यात्रा का रेल टिकट भी मिला है। बैग में आई कार्ड के अलावा नौकरी से संबंधित कागजात भी मिले हैं। आगरा कैण्ट से फोर्ट होकर सीकरी बयाना की ओर जाने वाली शटल ट्रेन में रेल पुलिसकर्मियों ने इस रिटायर्ड सिपाही को सीकरी स्टेशन पर दोपहर साढ़े बारह बजे करीब अचेतावस्था में देखा। जीआरपी सीकरी ने उसे रेलवे स्टेशन पर उतार लिया। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। लिहाजा जहरखुरानी की आशंका जताई गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर उपचार से फायदा न होने पर उसे आगरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिपाही की बेहोशी टूटने पर ही वास्तविक घटना की जानकारी हो सकेगी।