

नयी दिल्ली/गोरखपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की विश्वसनीयता पर संदेह प्रकट करने बाद आज पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने चुनाव आयोग से इस मामले में संज्ञान लेने की मांग की। उधर पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने भी चुनाव आयोग से ईवीएम की प्रामाणिकता व विश्वसनीयता के प्रति जनता को आश्वस्त किए जाने की मांग की है।
श्री सिंह ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कुछ दलों की ओर से मतपत्रों की व्यवस्था में लौटने की मांग उठ रही है। चुनाव आयोग को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए, ताकि लोगों के मन में उत्पन्न संदेह दूर हो सकें। आयोग को ईवीएम की खामियों को दूर करना चाहिए और अगर वह ऐसा नहीं कर पाता है तो उसे मतपत्रों की पुरानी व्यवस्था की ओर लौट जाना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने इस बात से इंकार नहीं किया कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ हो सकती है। गौरतलब है कि आडवाणी ने हाल ही में ईवीएम से चुनाव में गड़बड़ी किये जा सकने की आशंका जता मतपत्रों की पुरानी व्यवस्था की ओर लौटने की मांग की थी।
उधर भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने गोरखपुर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि, 'देश एवं विदेश के कुछ विशेषज्ञ तकनीशियनों ने यह आशंका जतायी है कि ईवीएम के साथ गड़बड़ी अथवा छेड़छाड़ होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।'
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग इस दिशा में अपना स्पष्टीकरण जनता के सम्मुख प्रस्तुत करें। उनकी पार्टी फिलहाल चुनाव आयोग के किसी कार्य की आलोचना नही कर रही, बल्कि वह इस मुद्दे पर जनता को आश्वस्त करने की मांग कर रही है। प्रसाद ने कहा कि जर्मनी में ईवीएम के प्रयोग को नकार दिया है। इंग्लैंड और अमेरिका जैसे विकसित देशों में ईवीएम के अलावा मतपत्र से मतदान कराया जाता है।