
इटावा। समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस के दलित प्रेम को महज नाटक करार दिया। उनका कहना है कि राहुल गांधी को युग पुरुष के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। देश की जनता जागरूक हो चुकी है। कांग्रेस जो अब कर रही है उसे समाजवादी काफी अर्से से करते आ रहे है। सन् 1957 में इसके तहत हमारा सामाजिक बहिष्कार भी हुआ था। इसके बावजूद समाजवादी जाति-वर्ग भेदभाव समाप्त करने में जुटे आ रहे। वर्तमान दौर में समाज में काफी जागृति आ गयी है।
सपा प्रमुख श्री यादव ने शानिवार को जिला पंचायत के सभागार में भरथना-इटावा क्षेत्र के शाक्य-कुशवाहा समाज के प्रमुख लोगों को भरथना-इटावा तथा फिरोजाबाद में आयोजित उपचुनाव में सपा प्रत्याशियों को सफल बनाने के लिए उत्साहित किया।
संबोधन तथा पत्रकारों से वार्ता करते हुए श्री यादव ने कहा कि बिधूना में उपचुनाव हुआ ही नहीं वहां तो शासन-प्रशासन ने मनमानी की, लेकिन अब ऐसा नहीं हो सकेगा। चुनाव आयोग को प्रमाण सहित शिकायतें दर्ज करायी जा रही हैं। मतदान के दिन समाजवादी प्रत्येक मतदान केंद्र पर बहादुरी के साथ अंतिम समय तक मुकाबला करेंगे। इस बार बेईमानी करने बालों को छोड़ा नहीं जायेगा। उनका कहना है कि उपचुनाव चर्चा के विषय बनते है, सरकार और राजनैतिक दलों का मूल्यांकन होता है। इसलिए सपाजन इसे हल्के में न लें, सभी भेदभाव मिटाकर सपा प्रत्याशियों को जिताने में जुट जायें।
सपा प्रमुख श्री यादव ने नरेगा योजना को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ गयी है। दलालों का इस पर कब्जा हो गया है। केंद्र में पुन: सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने किसानों-गरीब मजदूरों के लिए अभी तक कोई कार्य नहीं किया है। देश-प्रदेश की सरकारों की सोच समाज के प्रति नकारात्मक है। प्रदेश की बसपा सरकार पर निशाना लगाते हुए कहा कि पत्थर प्रेम के चलते लखनऊ का तो दो डिग्री तापमान बढ़ा ही दिया अब छोटे शहरों तथा गांवों की बारी है। इस सरकार की सोच सिर्फ एक विशेष जाति तक ही सीमित है। हर जगह अवैध कब्जे, धन उगाही तथा अराजकता का बोलबाला है। प्रदेश में पिछड़ों की भागेदारी 54 फीसदी फिर भी इस समाज के प्रशासनिक अधिकारियों की संख्या महज अंगुलियों पर गिनने लायक। ऐसा इसलिए है कि साजिश के तहत हमारे समाज को शिक्षा से वंचित रखा गया। समाजवादियों के हाथ में जब भी सत्ता आयी तो किसानों-गरीबों को बगैर किसी भेदभाव के विकसित किया गया। उपस्थित लोगों को प्रदेश विद्युत जांच समिति के अध्यक्ष एमएलसी रामनरेश मिनी, सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, भरथना से सपा प्रत्याशी प्रदीप यादव, गीता शाक्य तथा लाखन सिंह कुशवाहा आदि ने संबोधित किया। इन सभी ने उपचुनावों को सपा प्रमुख की प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए हर जगह से सपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने किया। इस मौके पर केपी शाक्य, अशोक शाक्य, धीरेन्द्र यादव, शीलरत्न शाक्य आदि उपस्थित थे।