

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और उससे संबंधित सभी शिक्षण संस्थानों (स्कूल भी) को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है। हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्राओं को परिसर छोड़ने के लिए रविवार शाम तक का समय दिया गया है। विद्यार्थियों को घरों तक भेजने के लिए सौ बस और तीन ट्रेनों का इंतजाम किया गया है। यह निर्णय एएमयू छात्र शहनवाज की हत्या के बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद माहौल गरमाने और अफवाहों के चलते लिया गया है।
एएमयू के कुलपति प्रो. पीके अब्दुल अजीज ने शुक्रवार शाम छह बजे नुमाइश ग्राउंड के अतिथि गृह में संवाददाताओं से बातचीत की। उन्होंने बताया कि एएमयू को आगामी आदेश तक बंद करने का निर्णय सभी संकायों के डीन, कालेज के प्रिंसिपल, की मीटिंग में गहन मंत्रणा के बाद लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि गुरुवार रात को भी भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों के बारे में झूठी खबरें फैला कर माहौल कर खराब करने की कोशिश की गई। कुलपति ने कहा कि धरना दे रहे छात्रों को बाहरी तत्वों का समर्थन मिलने के कारण और परिसर में अशांति का माहौल पैदा न हो, इसलिए इंतजामिया को यह दुखद निर्णय लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जो छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं उनके स्वास्थ्य की भी विवि प्रशासन को चिंता थी, क्योंकि इन छात्रों ने उपचार कराने से मना कर दिया था।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को घर पहुंचाने के लिए सौ विशेष बस, दस विशेष ट्रेन तथा अलीगढ़ से गुजरने वाली रेलों में तीन अतिरिक्त बोगी लगाने की व्यवस्था की गई है। सभी प्रोवोस्टों को निर्देश दे दिए गए हैं कि वह छात्र-छात्राओं को जाने के लिए यदि जरूरत पड़ती है तो किराया उपलब्ध करा दें। छात्र अपना सामान कमरों में छोड़ कर भी जा सकते हैं।