

अलीगढ़। एएमयू छात्र शहनवाज की हत्या के लिए कुलपति, प्रॉक्टर, बीएसडब्ल्यू को जिम्मेदार ठहाराते हुए छात्र इनके हटाने की मांग पर अड़े हैं। अब छात्र संघ बहाली का मुद्दा भी जुड़ गया है। शुक्रवार को छात्रों ने परिसर में काली पट्टी बांध कर पीस मार्च किया। गांधी गिरी की राह पर चलते हुए वीसी लॉज पर फूल भी फेंके। भूख हड़ताल पर बैठे पांचों छात्रों के स्वास्थ्य में गिरावट आ रही है। वहीं एएमयू बंद करने की घोषणा का आंदोलनरत विद्यार्थी विरोध कर रहे हैं।
शुक्रवार को बाबे सैयद गेट पर धरना दे रहे छात्रों से एसएसपी असीम अरुण ने मुलाकात की। उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों पर वह भी साथ हैं। किसी बेकसूर को नहीं फंसने देने का उन्होंने आश्वासन दिया। दोपहर में छात्रों ने सड़क पर ही जुमे की नमाज अदा की। बाबे सैयद गेट से लेकर स्टाफ क्लब तक नमाज के लिए चादर बिछी थीं। इसके बाद छात्रों ने धरना स्थल से लेकर सर सैयद की मजार तक पीस मार्च निकाला। वहां फातिहा भी पढ़ा। रास्ते में छात्रों ने वीसी लॉज पर गुलाब के फूल फेंक कर गांधी गिरी अपनाते हुए विरोध भी दर्ज कराया। बाद में धरना स्थल पर एएमयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और रालोद नेता खालिद मसूद और पूर्व उपाध्यक्ष आजम गीर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह कुलपति के वापस जाने तक आंदोलन करें। ओल्ड ब्वाइज उनके साथ हैं। भूख हड़ताल पर बैठे छात्र सुजातउल्ला, इरफान, फैजान, इब्राहिम, मुकर्रम के स्वास्थ्य में गिरावट आ रही है। मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल के डॉक्टर उनका लगातार जानकारी ले रहे हैं।