
गोपेश्वर (चमोली)। एनसीसी-डे के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत करते एनसीसी गर्ल्स कैडेट्स ने जिला मुख्यालय में तम्बाकू निषेध रैली निकाली। रैली का उद्देश्य लोगों को तम्बाकू के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करना है। ये कार्यक्रम आगामी 29 नवम्बर तक चलेंगे।
सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज गोपेश्वर की 50 गर्ल्स कैडेट्स गोपीनाथ मंदिर के सामने एकत्रित हुई। यहां से वे सीएचएम नरेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में रैली की शक्ल में मुख्य बाजार से होती हुई पुलिस मैदान तक पहुंचीं। रैली के दौरान कैडेट्स ने नारे लगाकर लोगों को तम्बाकू निषेध के प्रति जागरूक किया। कैडेटस ने लोगों को बताया कि तम्बाकू के सेवन से कैसे विश्व में प्रतिवर्ष लाखों लोग मौत के मुंह में समा रहे हैं। पुलिस मैदान के पास रैली का समापन हुआ। एनसीसी-डे के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में कर्नल तेग बहादुर राणा ने बताया कि एनसीसी कैडेटस आगामी 18 नवम्बर तक विभिन्न स्थानों में तम्बाकू निषेध रैली निकालेंगे। 19 से 22 तक ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित किए जाएंगे और 22 नवम्बर से 27 तक कैडेट्स पुलिस के साथ यातायात व्यवस्था को कंट्रोल करने में सहयोग करेंगे। कार्यक्रमों का समापन 29 नवम्बर को एनसीसी कार्यालय गोपेश्वर में फ्लैग हास्टिंग के साथ किया जाएगा।