रुड़की, जागरण कार्यालय: आपको पैसे की जरूरत है और आपके खाते में पैसा पड़ा हुआ है तो उसे शनिवार तक निकाल लीजिए। अगले तीन दिन तक बैंकों में कामकाज प्रभावित रहेगा। बैंकों के पचास फीसदी सेज्यादा स्टाफ की चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है। शुक्रवार को भी बैंकों में कामकाज प्रभावित हुआ।
इस बार विधानसभा चुनाव में बैंक स्टाफ की भी ड्यूटी लगा दी गई है। ब्रांच मैनेजर, की मैन व महिला कर्मचारियों के अलावा सभी को चुनाव पीठासीन अधिकारी से लेकर अन्य जिम्मेदारियां दी गई हैं। शुक्रवार को इन बैंक कर्मियों को चुनाव के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इसके चलते अधिकांश बैंक शाखाओं में स्टाफ का टोटा बना रहा। जरूरी कामकाज ही पूरे हो पाए। इतना ही नहीं शनिवार को आधे दिन बैंक होने से ज्यादा मारामारी रहेगी। जबकि रविवार को साप्ताहिक व सोमवार को मतदान की वजह से अवकाश घोषित किया है। ऐसे में बैंक बंद रहेंगे और एटीएम व्यवस्था पर भी इसका असर पडे़गा। इतना ही नहीं मंगलवार को भी कम स्टाफ के ही बैंकों में आने की उम्मीद है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि तीस जनवरी को देर रात तक कर्मचारी मतदान ड्यूटी करेंगे, ऐसे में अगले दिन कर्मचारियों के बैंक में आने की उम्मीद नहीं है। इसलिए यदि किसी को बैंक में जरूरी काम है तो शनिवार को निपटा लें।
एटीएम पर न करें भरोसा
रुड़की: अगले चार-पांच दिनों तक एटीएम सेवा भी प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि तमाम बैंक के अधिकारियों का कहना है कि एटीएम व्यवस्था को सुचारू करने के लिए हर संभव कोशिश की जाएगी। उल्लेखनीय है कि रुड़की व आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न बैंकों के 72 से भी अधिक एटीएम मौजूद हैं।