काशीपुर: रामपुर से चंडीगढ़ जा रही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार पलटने से सड़क किनारे खड़ी एक बाइक दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार चार लोगों को मामूली चोटे आई।
मंगलवार रात नौ बजे रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र के ग्राम केशव मंगली का मझरा निवासी सोबराती कार से बेटे अनवार तथा इकरार के साथ चंडीगढ़ के कुराली जा रहे थे। उनके साथ सैयद नाम का एक अन्य युवक भी था। वहां रोडवेज बस स्टैंड के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक भी आ गई। कार के नीचे दबकर बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने पलटी कार को सीधा किया। कार सवारों को मामूली चोटे आई। सोबराती ने बताया कि वे कुराली में किराए पर रहकर मजदूरी करते हैं।