समाचार

तांत्रिक चैतन्य गिरफ्तार, रेप का भी आरोप

May 13, 10:01 pm
  Print

कोच्चि। विवादास्पद तांत्रिक स्वामी अमृत चैतन्य को एक एनआरआई महिला से 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ एक 15 वर्षीय छात्रा ने दुष्कर्म की शिकायत भी दर्ज कराई है। साथ ही उसने तांत्रिक पर कुछ अन्य नाबालिग लड़कियों से भी दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

विवादास्पद तांत्रिक से कथित तौर पर संबंध रखने के आरोप में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। तेजी से बदलते घटनाक्रम के तहत चैतन्य को शहर के वाईपीन के निकट गिरफ्तार किया गया। इस बीच केरल हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। चैतन्य के खिलाफ इंटरपोल ने धोखाधड़ी के एक मामले में लुकआउट नोटिस जारी कर रखा था।

केरल पुलिस ने स्वामी के खिलाफ पहले दो मामले दर्ज किए थे। पहला मामला केरल निवासी एक एनआरआई महिला से 45 लाख रुपये की धोखाधड़ी का है, जबकि दूसरा मामला बाघ की खाल रखने के आरोप में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक विनसन एम पाल और कोच्चि पुलिस आयुक्त मनोज अब्राहम ने मीडिया को बताया कि तांत्रिक के खिलाफ मंगलवार को दुष्कर्म के आरोप में तीसरा मामला भी दर्ज किया गया। दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उक्त छात्रा की शिक्षा की व्यवस्था तांत्रिक ने ही की थी।

उन्होंने बताया कि पीडि़ता ने आज सुबह पुलिस से संपर्क किया और एक बयान दिया। इसके बाद मामला दर्ज किया गया। अब्राहम ने बताया कि छात्रा के अनुसार तांत्रिक ने सात से आठ अन्य नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने आरोप लगाया है कि चैतन्य ने शहर के कादवंतरा इलाके में स्थित अपने फ्लैट में उसके साथ 2006 में दुष्कर्म किया।

हालांकि अभियुक्त ने अपने खिलाफ आरोपों का खंडन नहीं किया है। उन्होंने बताया कि तांत्रिक ने दुष्कर्म की पीडि़ता की अश्लील सीडी भी बनाई है। चैतन्य को आज सुबह वाईपीन इलाके से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

इस बीच तिरुवनंतपुरम में डीएसपी सैम क्रिस्टी डेनियल को गृहमंत्री कोडियेरी बालकृष्णन के निर्देश पर तांत्रिक के साथ कथित तौर पर संबंध रखने को लेकर निलंबित कर दिया गया।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति