समाचार

छत्तीसगढ़ में जेल से 11 कैदी फरार

May 15, 10:55 pm
  Print

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जिला जेल से बृहस्पतिवार को 11 खूंखार कैदी फरार हो गए जिसमें से पांच कैदियों को पकड़ लिया गया है। जेल प्रशासन ने इस मामले में जेलर समेत तीन जेल कर्मियों को निलंबित कर दिया है।

जेल विभाग के महानिरीक्षक पीडीवर्मा ने यहां भाषा को बताया कि जशपुर जिले के जिला जेल में 11 कैदियों ने प्रहरियों पर हमला कर दिया और फरार हो गए।

वर्मा ने बताया कि शाम को जेल में बद 11 कैदियों ने अचानक प्रहरियों पर हमला किया और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद कैदी मुख्य दरवाजे की चाबी छीनकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि जेल से कैदियों के भागने की खबर के बाद पुलिस ने तुरंत खोजबीन शुरू कर दी और पांच कैदियों को गिरफ्तार कर लिया।

उपमहानिरीक्षक ने बताया कि फरार कैदियों के खिलाफ हत्या तथा डकैती जैसे गंभीर अपराध दर्ज है तथा इनमें 6 दंडित है जबकि पांच कैदियों की सुनवाई चल रही है।

वर्मा ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद जेल महानिदेशक संत कुमार पासवान जशपुर के लिए रवाना हो गए हैं और इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में जेलर अलौइश कुजूर तथा प्रहरी सुधीर एकला और धनमोहन भगत को निलंबित कर दिया गया है। जेल अधिकारी ने बताया कि मामले के दंडाधिकारी जांच भी कराए जाएंगे।

गौरतलब है कि राज्य के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले के जेल से कुछ महीने पहले लगभग तीन सौ कैदी फरार हो गए थे। जिसमें से ज्यादातर नक्सली है।

  • निजता नीति
  • सेवा की शर्तें
  • आपके सुझाव
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2007 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित
कॉपीराइट / IP नीति