
नोएडा [जागरण संवाददाता]। पुलिस के सारे कयास शनिवार को यकायक ढह गए। डाक्टर दंपति की नाबालिग बेटी आरुषि का कातिल माने जा रहे नौकर यम प्रसाद की लाश मिलने से मामला और ज्यादा उलझ गया है। हालात बता रहे हैं कि उसका कत्ल किया गया है। इसके साथ ही एक बार फिर नोएडा पुलिस के सामने सवाल खड़ा हो गया है-आरुषि का कातिल है कौन।
यम प्रसाद की लाश शनिवार को डाक्टर दंपति के अपार्टमेंट की छत से बरामद की गई है। उसका भी गला रेता गया है। एक ही तरीके से की गई है आरुषि और यम की हत्या। बढ़ती पेंचीदगी को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच एसटीएफ को सौंप दी है। पुलिस डाक्टर दंपति से भी पूछताछ कर रही है, लेकिन देर रात तक कोई नतीजा नहीं निकल सका था। डा. राजेश तलवार के यहां मौजूद उनके मित्र डा. रोहित का कहना था कि शुक्रवार को भी छत के दरवाजे में खून के निशान देखे गए थे, लेकिन ताला लगा होने के कारण कोई गया नहीं। खून के निशान से पता चलता है कि हत्या के बाद नौकर को जहां मारा गया है, वहां से उसे करीब 12 फुट तक खींचकर उसके शव को दीवार के पीछे सुरक्षित रखा गया है।
रिश्तेदारों का कहना है कि डा. राजेश तलवार और नुपुर तलवार शुक्रवार सुबह ही हरिद्वार निकल गए हैं। सूत्र बताते हैं कि शव मिलने तक डाक्टर दंपति घर पर ही थे। इसी के कुछ देर बाद पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। अनुमान है कि इस दोहरे कत्ल में दो से तीन लोग शामिल हो सकते हैं। शनिवार को हुई दोबारा छानबीन के दौरान लड़की के कमरे से सटे बाथरूम में खून के निशान मिले हैं। नौकर के कमरे में भी शराब की तीन गिलास रखी मिली है। उसके कमरे में कुछ कपड़े और एक धारदार हथियार मिला है, जिस पर खून के निशान हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि हत्या में इसी हथियार का इस्तेमाल किया गया है।